बलिया में छात्राओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने शुक्रवार को विकासखंड सीयर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया। साथ ही छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं और छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, कंप्यूटर शिक्षा सहित अन्य सुविधाओं के संबंध में सवाल किए। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की संख्या की जानकारी भी ली। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में कुल आठ शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि चौकीदार, सफाई कर्मचारी और रसोइयों सहित कुल 14 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक बच्ची को नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके। उन्होंने भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार कराने और उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यालय परिसर और सभी कक्षों में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
#Balliakhabar #DmBallia #SPBallia #KasturbaGandhiBalikaVidyalaya #belthararoad #बलिया #जिलाधिकारी #औचकनिरीक्षण