मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट के डेलीगेट्स ने किया ओरछा का भ्रमण, हेरिटेज एवं ग्रामीण संस्कृति से हुए रूबरू
ओरछा। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट में सहभागिता करने आए डेलीगेट्स ने ऐतिहासिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा का भ्रमण कर यहां की समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, ग्रामीण पर्यटन एवं बुंदेली संस्कृति का अनुभव लिया।
भ्रमण के दौरान डेलीगेट्स ने ओरछा के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को भी करीब से जाना।
भ्रमण के दौरान डेलीगेट्स ने हेलीकॉप्टर राइड का भी आनंद लिया और आसमान से ओरछा एवं आसपास के प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक परिदृश्य को निहारा। इसके बाद दल ने लाड़पुरा खास गांव का दौरा किया, जहां उन्होंने ग्रामीण होमस्टे की अवधारणा, स्थानीय जीवनशैली तथा ग्रामीण पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
डेलीगेट्स ने होमस्टे में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करने के साथ ही स्थानीय लोगों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया। बुंदेली लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय आतिथ्य ने डेलीगेट्स को विशेष रूप से प्रभावित किया।
लाड़पुरा खास में ग्रामीण पर्यटन मॉडल के माध्यम से स्थानीय समुदाय को पर्यटन से जोड़ने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली का प्रत्यक्ष अनुभव कराने की पहल से भी डेलीगेट्स अवगत हुए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित हो रही पर्यटन गतिविधियों की सराहना की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक नितिन कटारे, प्रबंधक गिरीश मौर्य, एफओए गर्वित शर्मा, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविंद्र शर्मा एवं टूर मैनेजर अंकित सिंह आदि उपस्थित रहे।
Madhya Pradesh Tourism Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #niwari
Niwari, Madhya Pradesh | Oct 11, 2026