अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सुश्री पूजा साहू (IAS) ने विकासखंड जगदीशपुर के कपूरीपुर में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने 'जल जीवन मिशन' के तहत ₹264.61 लाख की लागत से नवनिर्मित ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना का जायजा लिया। इस परियोजना के तहत कपूरीपुर सहित 4 पुरवों के 412 घरों में पाइपलाइन और चालू गृह संयोजन (FHTC) के जरिए शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो चुकी है। सीडीओ ने संबंधित अभियंता को बिना किसी बाधा के ग्रामीणों को निरंतर शुद्ध पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
इसके बाद सीडीओ ने अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल कपूरीपुर का औचक निरीक्षण किया। वहाँ सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे चालू मिले और संरक्षित गोवंशों के लिए चारे-पानी व भूसे की पर्याप्त व्यवस्था पाई गई। उन्होंने बीडीओ जगदीशपुर को मौसम के अनुकूल पशुओं की देखभाल और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने की हिदायत दी।