प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने की विकास कार्यों की समीक्षा , अधिकारियों को दिए निर्देश
---
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री धर्मेंद्र लोधी ने मंगलवार शाम को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में खंडवा जिले में सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह भी मौजूद थे। प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के तहत संचालित विकास कार्यों का क्रियान्वयन समय-सीमा में पूर्ण करें, तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी निरीक्षण के दौरान कार्य प्रारंभ होने से पहले, कार्य के दौरान तथा कार्य पूर्ण होने के बाद की तस्वीरें लेकर उन्हें पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।
प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने बैठक में जावर स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में ग्रामीणों और मरीजों को परेशानी न हो । बैठक में प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सब्जियां लगाने और फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों, स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थान विकसित करने तथा पौधों की सुरक्षा के लिए पानी और तारबंदी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को सब्जी उत्पादन के लिए नई नई तकनीकों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पेयजल पहुंचने की स्थिति एवं निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नल-जल योजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता अच्छी होनी चाहिए। जिन गांवों में पेयजल की समस्या है, वहां आवश्यकतानुसार पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। जल निगम की समीक्षा के दौरान उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं की जानकारी ली। इस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जल निगम द्वारा संचालित सभी योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं।
खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री लोधी ने खनिज रॉयल्टी से होने वाली राजस्व प्राप्ति बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरलोडिंग पर रोक लगाने, वाहनों का सत्यापन एवं जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण सड़कों को नुकसान पहुंचता है, इसलिए इस पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।
बैठक में मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें, आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। इस दौरान खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तंवे पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेडे, नगर निगम महापौर श्रीमती अमृता यादव, जिला अध्यक्ष श्री राजपाल तोमर, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन , जिला पंचायत मुख्य कार्यपद अधिकारी श्री ऐश्वर्य वर्मा, जनप्रतिनिधि अधिकार उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Culture, Madhya Pradesh
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#khandwa