गायक अभिनेता किशोर कुमार की नगरी खंडवा में शीघ्र प्रारंभ होगा एयरपोर्ट
---
किशोर कुमार, गायन और अभिनय से सदैव मौजूद रहेंगे -मुख्यमंत्री डॉ. यादव
---
अभिनेता रघुवीर यादव वर्ष 2026 के किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित
---
किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान अलंकरण समारोह से वर्चुअली जुड़े मुख्यमंत्री डॉ. यादव
---
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खंडवा में जन्मे बहुमुखी प्रतिभा के धनी गायक और अभिनेता श्री किशोर कुमार शताब्दी के महान कलाकार थे। उन्हें संसार से विदा हुए 39 वर्ष हो गये लेकिन वे अपने अभिनय और गीतों से प्रशंसकों के लिए जीवित हैं और आगे भी मौजूद बने रहेंगे। मध्यप्रदेश सरकार ने ऐसे हरफन मौला कलाकार की स्मृति में राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार प्रतिवर्ष प्रतिभा संपन्न कलाकार को देने की परम्परा निभाई हैं। खंडवा में विकास के सभी क्षेत्रों में कार्य हो रहा हैं। यहां शीघ्र ही एयरपोर्ट भी बनेगा और जिले के प्रसिद्ध धार्मिक महत्व के स्थल ओंकारेश्वर तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन आसान हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा खंडवा में संस्कृति विभाग और खंडवा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह और संगीत संध्या को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस वर्ष राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से सम्मानित किए गए अभिनेता श्री रघुवीर यादव को बधाई दी। समारोह में श्री रघुवीर यादव को 5 लाख रुपए की सम्मान निधि, प्रशस्ति पत्र, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।
किशोर कुमार का अंदाज याद रहेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गायक और अभिनेता किशोर कुमार का अपनी जन्मभूमि खंडवा से विशेष लगाव था। वे सदैव कहते थे - "दूध जलेबी खाएंगे, खंडवा में बस जाएंगे।" मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अनेक ऐसे गीत हैं जिन्हें किशोर कुमार ने न सिर्फ गाया बल्कि उन गीतों से जीवन दर्शन भी दिया। "रोते-रोते हंसना सीखो, हंसते-हंसते रोना..." और "जिन्द्गी एक सफर है सुहाना..." ऐसा ही गीत हैं। फिल्म "पड़ोसन" में किशोर कुमार का अलग अंदाज दिखाई दिया, जो दर्शकों को सदैव याद रहेगा। फिल्म "चलती का नाम गाड़ी" उनके फिल्मी कैरियर की एक विशेष फिल्म रही, जिसमें उनके भाईयों अशोक कुमार और अनूप कुमार ने भी अभिनय किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किशोर कुमार के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
विलक्षण है रघुवीर यादव की प्रतिभा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के निवासी रघुवीर यादव विलक्षण प्रतिभा रखते हैं। वे वेब सीरिज पंचायत में प्रधान की भूमिका से चर्चित हुए लेकिन इसके पहले पीपली लाइव के बुधिया, फिल्म लगान के भूरा और उसके पहले "मुंगेरी लाल के हसीन सपने" में मुंगेरी लाल का किरदार निभाकर उन्होंने नाम कमाया है। उनका ठेठ ग्रामीण अंदाज माटी की सौन्धी खुशबू का अहसास करवाता है। श्री रघुवीर यादव ने मध्यप्रदेश पर्यटन के लिए लोकप्रिय जिंगल "एमपी अजब है सबसे गजब है" के लिए भी आवाज दी हैं। इस नाते उनका योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। उन्हें किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत कर मध्यप्रदेश सरकार स्वयं गौरवान्वित हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री रघुवीर यादव को यह अलंकरण देने प्रत्यक्ष रूप से खंडवा पहुंचने का विचार था लेकिन किन्हीं परिस्थितियों के कारण अलंकरण समारोह से वर्चुअल रूप से ही जुड़ पा रहा हूं।
किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान अलंकरण समारोह में जनजातीय कार्य मंत्री श्री विजय शाह, संस्कृति राज्यमंत्री श्री धमेन्द्र सिंह लोधी, विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, विधायक श्री नारायण सिंह पटेल, विधायक श्रीमती छाया मोरे, पूर्व विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संस्कृति विभाग द्वारा आमंत्रित अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।
प्रदेश के संस्कृति मंत्री एवं खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि खंडवा जिला ज्योतिर्लिंग मंदिर ओंकारेश्वर, दादा धूनी वाले और पंडित माखनलाल चतुर्वेदी के नाम के साथ-साथ फिल्मी दुनिया के जाने-माने पार्श्व गायक स्वर्गीय किशोर कुमार के नाम से जाना जाता है। उन्होंने इस अवसर पर फिल्म अभिनेता श्री रघुवीर यादव को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान मिलने पर बधाई दी।
मंत्री डॉक्टर कुंवर विजय शाह ने इस अवसर पर कहा कि जब वे प्रदेश के संस्कृति मंत्री थे, तब किशोर कुमार सम्मान कार्यक्रम का आयोजन खंडवा नगर में ही करने का निर्णय प्रदेश सरकार में वर्ष 2003 में लिया था। उन्होंने कहा कि गत वर्ष मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस एक दिवसीय कार्यक्रम को दो दिवसीय करने की घोषणा की थी। जिस पर संस्कृति विभाग द्वारा इस वर्ष 12 एवं 13 अक्टूबर को दो दिवसीय संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Culture, Madhya Pradesh
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Department of Urban Development & Housing MP
#khandwa