हरदोई: सांडी रोड पर जिंद बाबा मजार के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक और दो महिलाएं गंभीर;
गैस एजेंसी की पिकअप छोड़कर चालक फरार
हरदोई कोतवाली शहर क्षेत्र अंतर्गत सांडी रोड पर जिंद बाबा की मजार के पास एक अनियंत्रित पिकअप (डाला) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार एक युवक और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला, जिसे स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ा तो वह फ्लाईओवर के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर एक युवक और दो महिलाएं सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे कोतवाली शहर क्षेत्र के सांडी रोड स्थित जिंद बाबा की मजार के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो पिकअप (गाड़ी संख्या: UP30BT1994) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गए।
पीछा करने पर गाड़ी छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद डाला चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक सांडी रोड फ्लाईओवर के पास पिकअप को लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उक्त पिकअप इंडेन गैस एजेंसी से संबद्ध है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती
घटना के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज हरदोई भेजा गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घायलों में महिलाओं की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस छोड़ी गई पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Hardoi, Hardoi | Nov 10, 2026