*पंचायतीराज आम चुनाव-2026: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने क्रिटिकल मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण*
*बेड़ावल, सती की चोरी एवं सड़ामानपुरा के मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
*सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, रोशनी, पेयजल एवं मतदान दलों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश*
सलूंबर, 25 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा चुनावी तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री मुहम्मद जुनेद पी.पी. तथा पुलिस अधीक्षक श्री विशनाराम विश्नोई ने बेड़ावल, सती की चोरी एवं सड़ामानपुरा क्षेत्र के विभिन्न क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान दलों के ठहरने तथा अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान से पूर्व सभी व्यवस्थाओं की जांच कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि मतदान दलों एवं मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
*बिजली, रोशनी एवं जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करें*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त रोशनी तथा आवश्यकता के अनुसार जनरेटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
*मतगणना कक्षों में सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था के निर्देश*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कक्षों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतगणना कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव से संबंधित सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं, जिससे मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
*मतदान दलों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा*
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के ठहरने, रहने एवं भोजन की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों के लिए आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाई जाएं। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की पूर्व जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदान दलों को अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
*क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश*
पुलिस अधीक्षक श्री विशनाराम विश्नोई ने मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्रिटिकल एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखें।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), लसाड़िया सहित पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Badgaon, Udaipur | Oct 29, 2026