बड़ी खबर: शिवपुरी से ढालवाला तक 10 किमी लंबी रेल टनल का ब्रेकथ्रू!!
अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनों से पूरा हुआ निर्माण कार्य, परियोजना की रफ्तार को मिली नई गति!!
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। परियोजना के तहत शिवपुरी से ऋषिकेश स्थित ढालवाला तक करीब 10 किलोमीटर लंबी रेल टनल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। टनल का ब्रेकथ्रू होने के साथ ही परियोजना के निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार हो गया है।
मैक्स इंफ्रा इंडिया लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर निशित शर्मा ने बताया कि टनल निर्माण में अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनरी और तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इससे निर्माण कार्य की गति के साथ-साथ कार्य की दक्षता और सटीकता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ। उन्होंने बताया कि टनल निर्माण के दौरान कंपनी की ओर से आधुनिक तकनीक से लैस विभिन्न मशीनों का उपयोग किया गया।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में सैंडविक की ऑटोमेटिक एवं सेमी-ऑटोमेटिक ड्रिल जंबो मशीनों का प्रयोग किया गया। इसके अलावा सिफा की लो-पल्सटिंग शॉटक्रेट मशीन, लीभर के साइड-टिल्टिंग डंपर तथा एपिरो के कंटीन्यूअस लोडर का भी इस्तेमाल किया गया। अत्याधुनिक मशीनों के कंप्यूटराइज्ड संचालन से टनल निर्माण के दौरान ड्रिलिंग, मलबा निकासी और शॉटक्रेटिंग जैसे कार्य अधिक सटीकता और तेजी से किए जा सके।
शिवपुरी से ढालवाला तक टनल का ब्रेकथ्रू ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पहाड़ी भूभाग में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच करीब 10 किलोमीटर लंबी टनल का निर्माण पूरा होना इंजीनियरिंग और आधुनिक तकनीक के बेहतर समन्वय को दर्शाता है। टनल निर्माण में अत्याधुनिक मशीनरी के प्रयोग से समय की बचत के साथ कार्य की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत पहाड़ के कठिन भूगोल में लंबी सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में शिवपुरी से ढालवाला टनल का ब्रेकथ्रू परियोजना के आगामी निर्माण कार्यों के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।