दमोह-पन्ना मार्ग पर यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरी, चालक की यात्रियों ने की पिटाई
दमोह। दमोह-पन्ना मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 8 बजे लुहारी गांव के पास गौरी ट्रेवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई। बस के पहिए गिट्टी में धंस जाने से वह खेत में पलटने से बच गई। हादसे के दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई।
बस से बाहर निकलने के बाद यात्रियों ने चालक रोहित राय से तेज रफ्तार में बस चलाने को लेकर सवाल किया। आरोप है कि चालक ने अभद्रता करते हुए कहा कि बस ऐसे ही चलेगी। इससे आक्रोशित कुछ यात्रियों ने चालक की पिटाई कर दी और उसका लाइसेंस दिखाने की मांग की। यात्रियों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने और तेज रफ्तार का आरोप भी लगाया है। सूचना मिलने पर हटा पुलिस को बुलाया गया। यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया। पुलिस के पहुंचने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Damoh, Damoh | Aug 19, 2026