#रामपुर के पशाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में लुढ़का छोटा वाहन; तीन लोगों की मौत, दो घायल
रामपुर-गौरा सड़क पर बारसान मोड़ के पास सुबह हुआ हादसा, पुलिस, अग्निशमन और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। रामपुर-गौरा सड़क पर पशाड़ा के समीप बारसान मोड़ पर एक छोटा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और एंबुलेंस की टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
हादसा इतना गंभीर बताया जा रहा है कि वाहन के खाई में गिरने से तीन लोगों की जान चली गई। वहीं, घायल हुए दो लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
इस संबंध में एसएचओ रामपुर रमेश नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि हादसे से संबंधित अन्य विस्तृत जानकारी कुछ देर बाद उपलब्ध करवाई जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।