गुलाब बाग के सौंदर्यीकरण में निगम का अनूठा नवाचार, पुरानी मूर्तियां बनीं आकर्षण का केंद्र
उदयपुर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना की पहल पर ऐतिहासिक गुलाब बाग उद्यान के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक अभिनव कदम उठाया गया है। वर्षों से उपेक्षित और क्षतिग्रस्त पड़ी जानवरों की पुरानी मूर्तियों का पुनरुद्धार कर उन्हें नया स्वरूप दिया गया है। मरम्मत और आकर्षक रंग-रोगन के बाद ये मूर्तियां अब पर्यटकों और शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई हैं।
नगर निगम द्वारा किए गए इस कार्य में अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल एवं कनिष्ठ अभियंता मोनिका चौधरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। निगम आयुक्त के निर्देशन में शेर, बाघ सहित विभिन्न वन्य जीवों की मूर्तियों की मरम्मत कर उन्हें प्राकृतिक रंगों से सजाया गया है। लंबे समय से टूट-फूट और फीके पड़ चुके रंगों के कारण ये मूर्तियां अपनी पहचान खो चुकी थीं, लेकिन अब इनके पुनर्संरक्षण से गुलाब बाग का पुराना वैभव लौटता नजर आ रहा है।
गुलाब बाग उद्यान ऐतिहासिक रूप से अपनी प्राकृतिक सुंदरता और वन्य जीवों की आकर्षक प्रतिमाओं के लिए प्रसिद्ध रहा है। पुनर्जीवित की गई मूर्तियां उद्यान की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं। बच्चे, युवा और पर्यटक इन मूर्तियों के साथ फोटो खिंचवाकर यादगार पल संजो रहे हैं।
उद्यान में भ्रमण करने वाले वरिष्ठ नागरिकों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इन मूर्तियों को देखकर पुराने दौर का गुलाब बाग याद आ जाता है, जब यह उद्यान अपनी विशिष्ट पहचान और आकर्षण के लिए जाना जाता था।
#LakeCityNews #Udaipur #GulabBagh #NagarNigamUdaipur #AbhishekKhanna #HeritageConservation #Tourism #UdaipurNews #RajasthanNews #LakeCityNewsRajasthan