यौमे आशुराह पर उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब, दरगाह गंजे शहीदा पर हुए धार्मिक आयोजन
उदयपुर। पैगम्बरे इस्लाम के नवासे हजरत इमाम हुसैन और शोहदाए कर्बला की याद में यौमे आशुराह के अवसर पर अम्बावगढ़ पहाड़ी स्थित दरगाह गंजे शहीदा सरकार (अम्बावगढ़ वाले बाबा) पर शुक्रवार को कुरआन ख्वानी, दुआए आशूराह, रोजा इफ्तार और जूलुसे हुसैनी सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन इल्मी व बरेलवी सुन्नी मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी उदयपुर के तत्वावधान में किया गया।
सोसायटी के मोहसिन हैदर ने बताया कि यौमे आशुराह के मौके पर दरगाह परिसर में दिनभर धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं। नमाज-ए-जुम्मा और नमाज-ए-असर के बाद मौलाना बाबुल हुसैन ने दुआए आशूराह पढ़ाई। इसके पश्चात शाम 4 बजे कुरआन ख्वानी का आयोजन हुआ, जिसमें शहर के अनेक आलिमों, इमामों और अकीदतमंदों ने शिरकत करते हुए कलाम-ए-पाक की तिलावत की। बाद में सामूहिक फातिहा ख्वानी भी की गई।
मगरिब की नमाज से पूर्व दरगाह पर मौजूद सैकड़ों रोजेदारों ने रोजा इफ्तार किया। वहीं शहर के सिलावटवाड़ी स्थित बीच की मस्जिद (मस्जिद हुज्जतुल इस्लाम) से हजरत मौलाना मुसन्ना जहांगीरी की सदारत में जूलुसे हुसैनी निकाला गया। जुलूस सिलावटवाड़ी और नई पुलिया मार्ग से होते हुए दरगाह पहुंचा। इस दौरान अकीदतमंदों ने हम्द, नात और मनकबत पेश कर हजरत इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत अर्पित किया।
दरगाह पहुंचने पर नातख्वानी, तकरीर, सलातो-सलाम और फातिहा ख्वानी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अब्दुल हुसैन खान, शेख जाकिर हुसैन, वहीद अहमद शेख, अनीस अब्बासी, मोहसिन हुसैन अजहरी, मेहमूद खान, नईम अहमद, इस्हाक मोहम्मद, इरफान मंसूरी, अनवर मंसूरी, अब्दुल कादिर छीपा, आबिद खान, हबीब नबी खान, समीर भाई, अमजद रजा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।