तंबाकू मुक्त युवा अभियान को प्रभावी रूप से लागू करें : डॉ. अमित शर्मा
Kullu Times
तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला में अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।
यह अभियान प्रदेशभर में 4 नवम्बर से 31 दिसम्बर तक चलाया जा रहा है। जिला कुल्लू में इसका शुभारंभ 9 नवम्बर को उपायुक्त द्वारा किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षण संस्थानों और गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करना है। इसके तहत जनजागरूकता गतिविधियों, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने, तंबाकू मुक्त गांवों को प्रोत्साहित करने तथा कोटपा अधिनियम, 2003 और पीईसीए, 2019 के प्रभावी कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के दौरान विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। युवाओं एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई जाएगी।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को स्कूलों, महाविद्यालयों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी नियमों को सख्ती से लागू करने को कहा। साथ ही नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह, डॉ. सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Nov 7, 2026