मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कृषि अधिकारियों ने किया ग्रामों का भ्रमण
-
जतारा एवं पलेरा क्षेत्र में फसल प्रदर्शन, प्राकृतिक खेती केंद्र एवं कस्टम हायरिंग सेंटर का किया निरीक्षण
-
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में किसानों के खेतों एवं कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान भोपाल से पधारे अपर संचालक कृषि, बीज प्रमाणीकरण संस्था भोपाल श्री रेवा सिंह सिसोदिया ने जतारा एवं पलेरा विकासखंड के ग्रामों का भ्रमण कर किसानों से चर्चा की तथा कृषि कार्यों का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान जतारा विकासखंड के ग्राम बेरवार में कृषक श्री तुलसीदास प्रजापति के खेत पर दलहन आत्मनिर्भर मिशन अंतर्गत लगाए गए उड़द समूह प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। यहां उड़द की आईपीयू-13-1 प्रजाति की फसल का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान फसल में अच्छी फलियां एवं औसत से अधिक उत्पादन की संभावना बताई गई।
इसके बाद अपर संचालक कृषि श्री सिसोदिया एवं उपसंचालक कृषि टीकमगढ़ श्री मनोज कश्यप ने ग्राम लिधौरा ताल में कृषक श्री बालचंद्र अहिरवार द्वारा संचालित पलक प्राकृतिक खेती बीआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि ने बताया कि वर्ष 2025-26 में जिले में 17 बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लिधौरा ताल स्थित बीआरसी सेंटर नियमित रूप से संचालित हो रहा है तथा जैव इनपुट के उत्पादन एवं वितरण की स्थिति संतोषजनक है। अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध विभिन्न कृषि यंत्रों एवं संसाधनों का भी अवलोकन किया।
भ्रमण के अगले चरण में पलेरा विकासखंड के ग्राम दिनऊ में कृषक श्री रमेश यादव के खेत पर मूंगफली फसल प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने फसल की स्थिति का अवलोकन करते हुए कृषक से उत्पादन एवं कृषि तकनीक संबंधी जानकारी ली।
इसके पश्चात ग्राम बेला में कृषि अभियांत्रिकी विभाग अंतर्गत संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा केंद्र में उपलब्ध कृषि यंत्रों की जानकारी ली गई तथा किसानों को कृषि यंत्रों के उचित संचालन एवं हैंडलिंग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान सहायक संचालक कृषि श्री ए.के. शर्मा, श्रीमती प्रतिभा दुबे, एसएडीओ श्री के.पी. अहिरवार, श्री आशीष गुप्ता, श्री दिलेश्वर, कृषि विस्तार अधिकारी श्री चेतन, श्री महेंद्र चौहान, श्री प्रशांत गोस्वामी सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
54 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026