मुजफ्फरपुर में छठ महापर्व की तैयारियों का DM, SSP और नगर आयुक्त ने लिया जायजा, घाटों पर डबल बैरिकेडिंग से लेकर CCTV और SDRF-NDRF की तैनाती तक रहेगी पुख्ता व्यवस्था
मुजफ्फरपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर आयुक्त ने वरीय अधिकारियों के साथ सिकंदरपुर सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, साहू पोखर सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को घाटों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, प्रकाश, संपर्क पथ और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर डबल बैरिकेडिंग, वाच टावर, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीम के साथ पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती भी रहेगी।
मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी के 66 सार्वजनिक स्थलों पर लगे 844 सीसीटीवी कैमरों से भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एंबुलेंस, चिकित्सक एवं पारा मेडिकल टीम भी मुस्तैद रहेगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि **छठ महापर्व पर उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।** अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बच्चों की जेब में नाम-पता और मोबाइल नंबर जरूर रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
#ChhathMahaparv #Muzaffarpur #ChhathPuja2026 #MuzaffarpurAdministration #TirhutNow