🦚 पुलिस लाइन देवरिया में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
#देवरिया। पुलिस लाइन देवरिया स्थित मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री अभिजित आर. शंकर के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में मा. राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम, सदर विधायक श्री शलभमणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक श्री सुरेन्द्र चौरसिया, पूर्व सांसद श्री रमापति त्रिपाठी एवं जनपद न्यायाधीश श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनपद के राजपत्रित अधिकारी, पुलिस परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
भगवान श्रीकृष्ण की वंदना एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया था। बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, नृत्य और भजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों एवं पुलिस परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ पुलिस परिवार में आपसी आत्मीयता एवं सौहार्द को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Salempur, Deoria | Sep 5, 2026