# देवरिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 178 जोड़ों ने रचाई शादी, 166 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े हुए शामिल
**देवरिया | 22 नवंबर 2026**
देवरिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को रामपुर कारखाना क्षेत्र के कुशहरी स्थित कुशहरी महोत्सव प्रांगण में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 178 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 166 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा पूर्व सांसद डॉ. रमापति त्रिपाठी मौजूद रहे। इसके अलावा रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र कुमार चौरसिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मारकंडेय शाही, जिला उपाध्यक्ष नागेश मणि, सत्यप्रकाश शाही, सिद्धिविनायक गोंड, नीरज श्रीवास्तव, बलराम सिंह, रितेश पांडेय, कुशहरी महोत्सव के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह, सदस्य जिला पंचायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय तथा संबंधित खंड विकास अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सभी वर्गों के ऐसे गरीब परिवारों के लिए संचालित है, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपये की धनराशि विवाहिता के बैंक खाते में सीधे अंतरित की जाती है, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी से संबंधित सामग्री दी जाती है। वहीं, शेष 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
DM Deoria Dr. Shalabh Mani Tripathi Surendra Chaurasia