समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक : 09 सितंबर 2026
कोसी के बढ़ते जलस्तर के बीच *जिलाधिकारी ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण*
*आलमनगर एवं चौसा के जलप्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव कार्यों का लिया जायजा, प्रभावित परिवारों तक भोजन, खाद्यान्न एवं चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के निर्देश*
मधेपुरा। कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण जिले के आलमनगर एवं चौसा प्रखंड के निचले इलाकों में जलप्रवेश की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, भा०प्र०से० ने आज दिनांक 09 सितंबर 2026 को प्रभावित क्षेत्रों का नाव से भ्रमण कर जमीनी स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। जिलाधिकारी ने जलप्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जलस्तर, आवागमन, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सेवाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
*नाव से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा*
निरीक्षण के क्रम में अंचल चौसा अंतर्गत मोरसंड पंचायत, अमनी टोला, करेलिया मुसहरी पंचायत एवं फुलौत पश्चिम पंचायत के सपनी मुसहरी सहित विभिन्न जलप्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात अंचल आलमनगर अंतर्गत खरौवा वासा ,अटगामा मुसहरी, मुरैत एवं सोनामुखी क्षेत्र में भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जलप्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ संचालित किए जाएं तथा किसी भी जरूरतमंद परिवार तक आवश्यक सहायता पहुंचने में विलंब नहीं हो। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।
*मोबाइल मेडिकल एवं पशु चिकित्सा टीम लगातार भ्रमणशील*
प्रभावित गांवों में मोबाइल मेडिकल टीम लगातार भ्रमणशील रहकर लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। वहीं, भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा भी जलप्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पशुओं का उपचार एवं आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
*घर-घर पहुंचाया जा रहा खाद्यान्न, सामुदायिक रसोई के भी निर्देश*
प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जन वितरण प्रणाली के माध्यम से संबंधित दुकानदारों द्वारा प्रभावित लोगों के घरों तक राशन पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जलप्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
जिलाधिकारी ने करौलिया मुसहरी टोला में सामुदायिक रसोई संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही अटगामा मुसहरी में भी सामुदायिक रसोई प्रारंभ कर प्रभावित लोगों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
*उदाकिशुनगंज में राहत सामग्री की पैकिंग व्यवस्था का निरीक्षण*
जलप्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री शीघ्र एवं व्यवस्थित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से उदाकिशुनगंज में फूड पैकिंग एवं सूखा खाद्य पदार्थों की पैकिंग के लिए की जा रही तैयारियों का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने पैकिंग कार्य की व्यवस्था, गुणवत्ता एवं वितरण की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्री का सुव्यवस्थित, त्वरित एवं आवश्यकता आधारित वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों तक समय पर आवश्यक सामग्री पहुंच सके।
*राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी*
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की इस परिस्थिति में प्रभावित लोगों की सुरक्षा, सुविधा एवं त्वरित सहायता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्य तत्काल संचालित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन द्वारा कोसी नदी के जलस्तर एवं जलप्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं तथा जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, खाद्यान्न, चिकित्सा, पशु चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक राहत सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं।
*जिला प्रशासन का ** *संकल्प है** कि जलप्रभावित प्रत्येक परिवार तक आवश्यकता के अनुरूप राहत एवं सहायता समय पर पहुंचाई जाए और इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में कोई भी व्यक्ति स्वयं को असहाय महसूस न करे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar