जिला पदाधिकारी ने कोईलवर प्रखंड के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्यों को लेकर दिए सख्त निर्देश
आज दिनांक 19 नवम्बर 2026 को जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा द्वारा कोईलवर प्रखंड अंतर्गत मानो बैजनाथ +2 उच्च विद्यालय, कुल्हड़ियां एवं तारामणि भगवान साव +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोईलवर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई की प्रगति, पाठ्यक्रम की पूर्णता एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, विषयवार प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने दोनों विद्यालयों के पुस्तकालय एवं प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर उपलब्ध पुस्तकों, शिक्षण सामग्री एवं अन्य संसाधनों की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे बेहतर वातावरण में अध्ययन कर सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कोईलवर, अंचल अधिकारी, कोईलवर, थाना प्रभारी, कोईलवर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
@iprdbihar
135 views | Bhojpur, Bihar | Nov 19, 2026