मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना से 86 परिवारों को मिला संबल, 1.96 करोड़ की सहायता स्वीकृत.
हमीरपुर के 86 कृषक परिवारों को मिली ₹1.96 करोड़ की सहायता, विधायक और डीएम ने सौंपे स्वीकृति प्रमाण पत्र
प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों के खातों में मुख्यमंत्री ने भेजे ₹215 करोड़, हमीरपुर के 8 युवाओं को मिला कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति पत्र।
हमीरपुर। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत बुधवार को हमीरपुर जिले के 86 लाभार्थियों को 1 करोड़ 96 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति और जिलाधिकारी अशोक कुमार ने लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों के खातों में कुल 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की। इस दौरान राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र भी दिए गए।
हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना। विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और उनके परिवारों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। दुर्घटना से प्रभावित कृषक परिवारों को दी जा रही आर्थिक सहायता कठिन समय में बड़ा सहारा बनेगी।
जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि हमीरपुर जिले के आठ अभ्यर्थियों का चयन राजस्व विभाग में कनिष्ठ सहायक पद पर हुआ है। इन्हें लखनऊ में आयोजित समारोह में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एडीएम नमामि गंगे विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी और प्रेस प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#Hamirpur #HamirpurNews #मुख्यमंत्री_योगी_आदित्यनाथ #कृषक_दुर्घटना_कल्याण_योजना #किसान_कल्याण #YogiAdityanath #UPNews #TejUpdateNews
Hamirpur, Hamirpur | Nov 11, 2026