एसपी ने किया कोतवाली जालौन का वार्षिक निरीक्षण, चौकीदारों को बांटे टॉर्च-शॉल व कंबल*
*जालौन।* पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने शुक्रवार को कोतवाली जालौन का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अम्बुज यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसपी ने थाना परिसर, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प-डेस्क, साइबर हेल्प-डेस्क, हवालात, मालखाना तथा थाने में दाखिल जब्त व सीजशुदा वाहनों का निरीक्षण किया। माल मुकदमाती वाहनों के निस्तारण के निर्देश दिए। थाना के महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच कर सभी प्रविष्टियों को अद्यतन रखने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों एवं आमजन के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व बेहतर पुलिसिंग पर संवाद किया। आगामी चुनाव के दृष्टिगत शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अराजक तत्वों का चिन्हीकरण कर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने ग्राम चौकीदारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। शीत ऋतु के दृष्टिगत रात्रि गश्त सुदृढ़ रखने के लिए चौकीदारों को टॉर्च एवं शॉल प्रदान किए। नगर पालिका अध्यक्ष पुनीत मित्तल के सहयोग से चौकीदारों को कंबल वितरित कर उत्साहवर्धन किया गया।
Jalaun, Jalaun | Nov 27, 2026