18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस, चंबा में 1.55 लाख बच्चों व किशोरों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल
24 सितंबर को होगा मॉपअप राउंड, छूटे बच्चों को किया जाएगा कवर
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 21 अगस्त।
राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस (NDD) के आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेस्पवाल ने की। इस दौरान 18 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस की तैयारियों और स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने बैठक में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 18 सितंबर को जिलेभर में 19 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों एवं किशोरों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। अभियान के तहत कुल 1,55,087 शिशुओं, बच्चों तथा किशोरों को एल्बेंडाजोल की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एक वर्ष से पांच वर्ष तक की आयु के 39,534 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी पिलाई जाएगी। इसके अलावा 24 सितंबर को मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा, जिसमें अभियान के दौरान दवा से छूटे बच्चों को कवर किया जाएगा।
बैठक में उपायुक्त मुकेश रेस्पवाल ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास को अभियान के दौरान सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा को सभी स्कूली विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने जिला एवं खंड स्तर पर अभियान की प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस का उद्देश्य बच्चों एवं किशोरों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए निर्धारित आयु वर्ग में कृमिनाशक दवा उपलब्ध करवाना है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी, डॉ. सुहेल, डॉ. राज कुमार सहित मेडिकल कॉलेज चंबा के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Aug 21, 2026