डीडवाना में आगामी त्योहारों और चुनावों को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, प्रशासन ने की भाईचारे की अपील
डीडवाना:आगामी दीपावली, राम-राम पर्व और चल रहे पंचायत राज चुनावों के मद्देनजर डीडवाना पुलिस थाना परिसर में एक आवश्यक शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी राजवीर सिंह यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) हिमांशु शर्मा, पुलिस उपअधीक्षक (डीएसपी) उमेश गुप्ता और थानाधिकारी मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से की।बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों और चुनाव प्रक्रिया के दौरान खलल डालने वाले या शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने आमजन और व्यापारिक प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि या घटना नजर आए, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दें।बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन की अपील का स्वागत किया। सभी ने एक स्वर में यह भरोसा दिलाया कि डीडवाना में सभी आगामी पर्व और चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे। साथ ही, प्रशासन के हरसंभव सहयोग का संकल्प लिया गया।इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, व्यापारी और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।