ग्राम सेवा में 108 कुंडीय रुद्र महायज्ञ का पूर्णाहुति के साथ समापन, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
डीडवाना उपखंड क्षेत्र के नजदीकी गांव ग्राम सेवा (नाथूसर रोड) स्थित पाबुजी महाराज मंदिर के पास आयोजित भव्य विशाल 108 कुंडलात्मक रुद्र महायज्ञ का 4 नवंबर को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति देकर समापन किया गया। संत सीतारामदास जी महाराज (बल्डा धाम) के पावन सानिध्य में 27 अक्टूबर से प्रारंभ हुए इस 9 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन 108 यजमानों (दंपतियों) द्वारा यज्ञ कुंडों में आहुतियां अर्पित की गईं। यज्ञशाला में निरंतर गूंजती वैदिक ध्वनियों और मंत्रोच्चार से समूचा इलाका आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया। यजमानों व श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विश्व शांति की कामना की।4 नवंबर को निर्धारित शुभ मुहूर्त में महायज्ञ की मुख्य पूर्णाहुति संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संतों, आध्यात्मिक गुरुओं, राजनीतिक व सामाजिक जनप्रतिनिधियों सहित आसपास के गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ कुंड में आहुति दी। समापन के दौरान संतों ने धर्म सभा को संबोधित करते हुए यज्ञ के आध्यात्मिक महत्व, सनातन मूल्यों और पर्यावरण शुद्धि पर प्रकाश डाला।पूर्णाहुति के पश्चात विशाल महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों धर्मप्रेमियों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस सफल व भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों तथा यज्ञ आयोजन समिति में भारी उत्साह देखने को मिला।