जनता दरबार में आईजी और एसपी ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
जहानाबाद : आमजनों की समस्याओं के समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक, गयाजी (मगध प्रक्षेत्र) एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद की संयुक्त अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।
जनता दरबार में अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया। प्राप्त आवेदनों के निष्पक्ष एवं त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरतने और मामलों की गंभीरता के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी शिकायतें सीधे वरीय पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला।