काशी सांसद खेलकूद थाई बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन, 385 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों और खेल क्लबों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, पदक विजेताओं को किया गया सम्मानित
#वाराणसी, 1 नवंबर।
काशी सांसद खेलकूद थाई बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 का दो दिवसीय आयोजन डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर हॉल में उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में वाराणसी के विभिन्न विद्यालयों और खेल क्लबों के कुल 385 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी तकनीक, फुर्ती, सहनशक्ति और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा थाई बॉक्सिंग के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता को प्रोत्साहित करना रहा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
वहीं, समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक संघ के सचिव शम्स तबरेज (शम्पू) ने आयोजन की सराहना करते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में सनबीम स्कूल वरुणा, दिल्ली पब्लिक स्कूल, जयपुरिया स्कूल और हरिबंधु इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसके अलावा वाराणसी के विभिन्न खेल क्लबों के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के सचिव सैय्यद इमरान हुसैन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। थाई बॉक्सिंग जैसे मार्शल आर्ट युवाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों और खेल क्लबों की बड़ी संख्या में सहभागिता युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि का संकेत है। खेल संगठनों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को मिलकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत और हार से सीख लेकर निरंतर अभ्यास करने तथा खेल भावना और नियमों का पालन करने की अपील की।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में टूर्नामेंट डायरेक्टर मोहम्मद अज़हर खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ शिव प्रताप शाही, निलेश यादव, हिमांशु विश्वकर्मा, खुशी सिंह, दिनेश प्रजापति, राघवेंद्र यादव, राशीद अहमद, आदाब खान, शुभांगी और मानसी निषाद ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
इस अवसर पर थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ वाराणसी की अध्यक्ष मनीषा रानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश कुमार, वीरेंद्र शर्मा सहित एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दो दिवसीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन वाराणसी में थाई बॉक्सिंग की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। 385 खिलाड़ियों की सहभागिता ने युवाओं में इस खेल के प्रति बढ़ते आकर्षण को भी दर्शाया।