आगरा: मारुति एरिना वर्कशॉप पर धोखाधड़ी का आरोप, 20 दिन से खड़ी है ग्राहक की गाड़ी
आगरा (सिकंदरा)। सिकंदरा मंडी चौराहा स्थित मारुति सुजुकी एरिना वर्कशॉप पर एक ग्राहक ने वारंटी के नाम पर गुमराह करने और मनमाना बिल थमाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि पहले काम वारंटी में करने का भरोसा दिया गया, लेकिन 20 दिन बाद 53 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया।
पीड़ित तेजवीर सिंह (पुत्र मोहन सिंह) ने बताया कि उनकी सफेद रंग की अर्टिगा (Ertiga) गाड़ी में ओवरहीटिंग और इंजन लाइट की समस्या आ रही थी, जिसके बाद 24 तारीख को उन्होंने गाड़ी सिकंदरा स्थित एरिना वर्कशॉप में जमा कराई थी। गाड़ी कुल 39 हजार किलोमीटर चली है और पीड़ित के अनुसार इसकी सभी नियमानुसार सर्विस अधिकृत केंद्र से ही कराई गई हैं।
10 दिन तक दिया आश्वासन, फिर थमाया 53 हजार का बिल
आरोप है कि शुरुआत के 10 दिनों तक वर्कशॉप के कर्मचारियों ने यह कहकर तसल्ली दी कि पार्ट्स ऑर्डर कर दिए गए हैं और काम वारंटी के तहत ही होगा। लेकिन 20 दिन बाद जब पीड़ित गाड़ी लेने पहुंचे, तो उन्हें 53 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया। वर्कशॉप प्रबंधन ने तर्क दिया कि मारुति सुजुकी ने वारंटी रिजेक्ट कर दी है क्योंकि गाड़ी में बाहर से काम कराया गया है। वहीं ग्राहक ने कंपनी के इस दावे को पूरी तरह से गलत बताया है।
उपभोक्ता अदालत जाने की चेतावनी
पीड़ित का कहना है कि कंपनी की ओर से गाड़ी का इंजन 1 लाख किलोमीटर तक वारंटी में कवर होता है, इसके बावजूद अनुचित तरीके से बिल वसूला जा रहा है और गाड़ी देने से इनकार किया जा रहा है। पीड़ित ने प्रशासन और मारुति सुजुकी के उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उपभोक्ता अदालत (Consumer Court) का दरवाजा खटखटाएंगे।
#AgraNews #AgraBreaking #Sikandra #MarutiSuzukiArena #MarutiSuzuki #Ertiga #CustomerFraud #UPNews #ViralNews #DDMNewsAgra #MarutiService #AgraKaSach #PublicDemand #ShareThis