ईंट व कस्सी से सिर पर वार करके हत्या करने के मामले में आरोपी (सगा भाई) गिरफ्तार।
आपसी कहासुनी के बाद सगे भाई की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस रिमांड पर।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 4 जून । 31मई को पुलिस थाना राजेंद्र पार्क, गुरुग्राम में सूचना प्राप्त हुई कि गांव दौलताबाद, गुरुग्राम स्थित एक मकान में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए क्राइम सीन टीम व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीमों द्वारा शव व घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया तथा घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य कब्जा पुलिस में लिए गए। इसके उपरांत शव को मोर्चरी, गुरुग्राम भिजवाया गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया तथा आगामी कार्यवाही नियमानुसार की गई।
मोर्चरी, गुरुग्राम में मृतक के परिजनों ने शव की पहचान आशिष (उम्र-26 वर्ष) निवासी दौलताबाद, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में की। मृतक के परिजनों ने लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि आशिष अपने पुराने मकान में गया था, जहां वह गंभीर चोटों सहित मृत अवस्था में मिला। उपरोक्त शिकायत एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना राजेंद्र पार्क, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना राजेंद्र पार्क, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में एक आरोपी को 3 जून को प्लाजा, सेक्टर-106, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमन (उम्र-23 वर्ष) निवासी दौलताबाद, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसका सगा भाई था तथा शराब पीने का आदी था। घटना के दिन मृतक के पास एक अन्य व्यक्ति शराब पीने के लिए आया हुआ था। आरोपी द्वारा उस व्यक्ति को घर से जाने के लिए कहने पर मृतक और आरोपी के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसमें आरोपी ने ईंट व कस्सी से सिर पर वार किए, जिससे मृतक को गंभीर चोटें लगीं और उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को आज माननीय न्यायालय के सम्मुख पेश करके 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग अनुसंधानाधीन है।