औरंगाबाद में अवैध फ्यूल तस्करी का भंडाफोड़, ऑटो से सैकड़ों लीटर पेट्रोल जब्त।
औरंगाबाद/मदनपुर
औरंगाबाद जिले में अवैध ईंधन और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औरंगाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने गश्ती और चेकिंग के दौरान एक ऑटो रिक्शा से भारी मात्रा में अवैध पेट्रोल और ज्वलनशील रसायन बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सड़क किनारे चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ऑटो में सवारी की जगह सीटों के पीछे और नीचे छिपाकर रखे गए कई प्लास्टिक के गैलन और छोटे ड्रम मिले। इनमें सैकड़ों लीटर अवैध पेट्रोल और अन्य ज्वलनशील रसायन भरा हुआ था, जिसे बेहद खतरनाक और गैर-कानूनी तरीके से परिवहन किया जा रहा था।
मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गयाजी जिले के आमस थाना अंतर्गत जयपुर गांव निवासी ऑटो चालक राकेश कुमार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले 3 से 6 महीने से इस अवैध कारोबार में लिप्त है। वह झारखंड और उत्तर प्रदेश से सस्ते दाम पर ईंधन और रसायन खरीदकर लाता था और मदनपुर व औरंगाबाद के आसपास के ग्रामीण इलाकों में ऊंचे दाम पर बेचता था।
आरोपी ने बताया, _"हम 3 से 6 महीने से यह काम कर रहे हैं, यूपी और झारखंड से कम दाम पर लाकर लोकल में बेचते हैं।"_
फिलहाल औरंगाबाद पुलिस ने ऑटो रिक्शा और सभी ज्वलनशील पदार्थों को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और इस बात की भी जांच कर रही है कि जब्त रसायन का इस्तेमाल कहां और किस काम के लिए किया जाना था।