रफीगंज में दर्दनाक हादसा: केशहर नदी में दो बेटियों संग डूबी मां, ग्रामीणों ने दो को बचाया, 16 वर्षीय ब्यूटी लापता
औरंगाबाद : रफीगंज प्रखंड के मंजखड़ गांव स्थित केशहर नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाजार से खरीदारी कर लौट रही मां अपनी दो बेटियों के साथ नदी में डूब गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने नदी में कूदकर मां और एक बेटी को तो बचा लिया, लेकिन 16 वर्षीय दूसरी बेटी तेज बहाव में बह गई और लापता हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार परिवार शैलोपुर गांव निवासी दीपू साव का है। दीपू साव की पत्नी शोभा देवी (35), बेटी ब्यूटी कुमारी (16) और काजल कुमारी (13) शुक्रवार को बालीगांव बाजार खरीदारी करने गई थीं। दोपहर बाद खरीदारी कर तीनों पैदल ही अपने गांव शैलोपुर लौट रही थीं।
इसी दौरान मंजखड़ गांव के समीप केशहर नदी पर बने बांस के चचरी पुल को पार करने के दौरान तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नदी के तेज बहाव में गिर पड़ीं। नदी में गिरते ही तीनों डूबने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े और बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शोभा देवी और उनकी छोटी बेटी काजल कुमारी को सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन बड़ी बेटी ब्यूटी कुमारी को बचाने के प्रयास में वे असफल रहे। तेज धारा के कारण ब्यूटी आंखों के सामने ही बहाव में लापता हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में लापता ब्यूटी की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक पिछले तीन घंटे से लगातार गोताखोर नदी में उसकी खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
रफीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना एसडीआरएफ की टीम को भी दे दी गई है, ताकि आधुनिक उपकरणों के साथ लापता किशोरी की तलाश की जा सके।
बताया जाता है कि दीपू साव इलेक्ट्रॉनिक ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जवान बेटी के इस तरह लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#BiharPolice #aurangabadpolice #Bharatcrimelivenews
#rafiganj
#औरंगाबाद
#बिहार