*अवैध मिट्टी खनन से दहला करनपुर खूंझी, महीनों से घनघना रही जेसीबी*
पट्टी तहसील क्षेत्र के दिलीपपुर थाना अंतर्गत करन पुर खूंझी गांव में महीनों से अवैध मिट्टी खनन का खेल चल रहा है। दिन-रात जेसीबी मशीनें गरज रही हैं और डंपर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी ढोई जा रही है, पर प्रशासन की नींद नहीं टूट रही।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय तथाकथित दलालों ने गरीब किसानों की जमीन को निशाना बनाया है। बहला-फुसलाकर या दबाव बनाकर किसानों के खेतों में खुदाई कराई जा रही है। खेत गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। इससे न सिर्फ जमीन बंजर हो रही है बल्कि बारिश में जलभराव से आसपास की फसलें भी बर्बाद होने के साथ मवेशी छोटे बच्चों के डूबने का खतरा मंडरा रहा है।
गांव वालों ने कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल व तहसील प्रशासन से गुहार लगाई है।बावजूद इसके आज तक न तो जेसीबी सीज हुई और न ही किसी दलाल पर कार्यवाही। ग्रामीणों में चर्चा है कि खनन करने वाले स्थानीय दलालों की सेटिंग के चलते अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
नाम न छापने की शर्त पर एक पीड़ित किसान ने बताया कि उसकी 10 बिस्वा जमीन से जबरन 6-7 फीट गहरी मिट्टी निकाल ली गई। अब वहां खेती करना नामुमकिन है। गांव की सड़कें भी ओवरलोड डंपर ट्रैक्टरों से टूट चुकी हैं। धूल और शोर से लोगों का जीना मुहाल है।
गांव वालो ने जल्द खुदाई बंद कराकर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है।
फिलहाल करन पुर खूंझी में जेसीबी की घनघनाहट रुकने का नाम नहीं ले रही और प्रशासन मौन है।