दीपोत्सव पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया बाजपुर
चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते की पहल पर रामराज रोड के डिवाइडरों पर की गई आकर्षक विद्युत सजावट
बाजपुर। दीपावली के पावन पर्व को लेकर बाजपुर नगर रोशनी से जगमगा उठा है। दीपोत्सव के स्वागत में नगर पालिका परिषद की ओर से शहर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते की विशेष पहल पर मुख्य मार्ग रामराज रोड के डिवाइडरों पर लगे पोलों पर रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटें लगाई गई हैं। विद्युत सजावट से पूरा मार्ग दूधिया और सतरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। नगर की सुंदरता में चार चांद लगाने वाली इस सजावट को लेकर स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में उत्साह देखने को मिल रहा है। रामराज रोड से गुजरने वाले लोग आकर्षक लाइटिंग का आनंद ले रहे हैं। इस अवसर पर बुधवार को चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते ने समस्त नगरवासियों को दीपावली एवं दीपोत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस पावन अवसर पर नगर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिकता है। पालिका का प्रयास है कि नगरवासी स्वच्छ, सुंदर और खुशनुमा वातावरण में त्योहार मनाएं।