जगाधरी रोड पर फिर लगी रेहड़ियों को मनोहर वेंडिंग जोन में कराया शिफ्ट, दोबारा लगाने पर जब्त करने की चेतावनी
दो सितंबर को कन्हैया साहिब चौक से जगाधरी बस स्टैंड तक लगने वाली 125 रेहड़ियों को निगम ने बूथ अलॉट कर किया था शिफ्ट
जगाधरी/यमुनानगर। मनोहर वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने के बाद कुछ रेहड़ी संचालकों ने फिर से जगाधरी रोड पर रेहड़ियां लगाना शुरू कर दिया। सोमवार को नगर निगम की टीम ने गाबा अस्पताल से जगाधरी बस स्टैंड तक विभिन्न स्थानों पर खड़ी रेहड़ियों को फिर मनोहर वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर सीएसआई अमित कंबोज के नेतृत्व यह कार्रवाई की गई। उन्होंने समझाकर रेहड़ी संचालकों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोबारा जगाधरी रोड पर रेहड़ियां लगाई तो उन्हें जब्त कर लिया जाएगा।
सीएसआई अमित कंबोज ने बताया कि नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की अध्यक्षता में कुछ दिन पहले वेंडिंग कमेटी की बैठक हुई थी। जिसमें जगाधरी रोड को नॉन वेंडिंग जोन बनाने का निर्णय लिया गया था। नगर निगम की टीम ने कन्हैया साहिब चौक से जगाधरी बस स्टैंड तक जगाधरी रोड पर रेहड़ियों पर सब्जी, फल व फास्ट फूड बेचने वाले 125 विक्रेताओं की सूची तैयार की गई। एक सितंबर को अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार के नेतृत्व में ड्रॉ के माध्यम से मनोहर वेंडिंग जोन में इन रेहड़ी संचालकों को बूथ अलॉट किए गए और उनकी रेहड़ियों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया। लेकिन कुछ दिन बाद कुछ रेहड़ी संचालकों ने दोबारा जगाधरी रोड पर विभिन्न स्थानों पर रेहड़ियां लगानी शुरू कर दी। यह जानकारी मिलने पर नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, सफाई निरीक्षक पंकज व होमगार्ड के जवानों की टीम गठित की गई। टीम ने गाबा अस्पताल से लेकर जगाधरी बस स्टैंड तक विभिन्न स्थानों पर लगी फल, फास्ट फूड, कढ़ी चावल आदि सामान की रेहड़ियों को मनोहर वेंडिंग जोन में शिफ्ट कराया। सीएसआई अमित कंबोज ने रेहड़ी संचालकों को चेतावनी दी कि यदि कोई भी विक्रेता इस मार्ग पर दोबारा रेहड़ी लगाता मिला तो उसकी उसकी रेहड़ी जब्त कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फोटो - जगाधरी रोड से रेहड़ियां मनोहर वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने के रेहड़ी संचालकों को निर्देश देते सीएसआई अमित कंबोज व अन्य।