नामांकन निरस्त होने पर एमपीजी कॉलेज में घमासान, एनएसयूआई ने लगाए राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोप
मसूरी। एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के बाद सियासी पारा चढ़ गया। एबीवीपी के उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त होने के बाद एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठनों ने कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। छात्र नेता कॉलेज प्रशासन के फैसले और चुनाव प्रक्रिया को लेकर आमने-सामने आ गए। कॉलेज प्रशासन के अनुसार नामांकन की जांच निर्धारित चुनाव नियमों के तहत की गई है।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया में भाजपा से जुड़े कुछ नेताओं का हस्तक्षेप है और चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने कहा कि चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से कराया जाना चाहिए। एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि चुनाव प्रक्रिया को रोकने या निरस्त करने का प्रयास हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
एनएसयूआई के चुनाव प्रभारी सूरज रावत ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि भाजपा के दबाव में चुनाव निरस्त करने का प्रयास किया गया तो संगठन इसका विरोध करेगा। उन्होंने आंदोलन को लेकर आत्मदाह जैसी गंभीर चेतावनी भी दी, जिसकी जिम्मेदारी उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर डालने की बात कही।
इधर, मसूरी छात्र संगठन और जौनपुर छात्र संगठन ने भी एनएसयूआई के आंदोलन को समर्थन दिया। छात्र नेताओं का आरोप है कि कॉलेज की चुनाव प्रक्रिया में बाहरी राजनीतिक प्रभाव नहीं होना चाहिए और छात्रसंघ चुनाव छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के अनुसार कराया जाना चाहिए।
वहीं, नामांकन पत्रों की जांच में एबीवीपी के तीन प्रत्याशियों के नामांकन में नियमों से संबंधित आपत्तियां सामने आई थीं। उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी की उम्र निर्धारित 22 वर्ष की सीमा से अधिक बताई गई, जबकि सचिव और कोषाध्यक्ष पद के नामांकन में दस्तावेज एवं क्रेडिट बेस्ड सिस्टम से संबंधित कमियां सामने आने की जानकारी दी गई है। इन्हीं आधारों पर तीनों नामांकन निरस्त किए गए।
इस घटनाक्रम के बीच एबीवीपी, एनएसयूआई, मसूरी छात्र संगठन और जौनपुर छात्र संगठन के बीच छात्रसंघ चुनाव को लेकर टकराव बढ़ गया है। कॉलेज में 29 सितंबर को मतदान और इसी दिन मतगणना प्रस्तावित है।
अब नजर अंतिम प्रत्याशी सूची पर
नामांकन निरस्त होने के बाद चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई से विकास सिंह, एबीवीपी से विद्यांत थापली और मसूरी छात्र संगठन से मनन शाही मैदान में हैं। वहीं अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद ही सभी पदों पर चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 26, 2026