स्वच्छता के संदेश के साथ बाशिंग पंचायत में महा सफाई अभियान
Kullu Times
ग्राम पंचायत बाशिंग में स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत प्रधान अजय की अगुवाई में पूरे पंचायत क्षेत्र में महा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इस अभियान में टीम सहभागिता के सदस्यों ने विशेष सहयोग प्रदान किया। टीम सहभागिता के अध्यक्ष एवं निदेशक बीजू हिमदल की अगुवाई में टीम के सदस्य भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए।
अभियान में पंचायत के विभिन्न वार्डों के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। वार्ड नंबर एक से भादर चंद, वार्ड नंबर दो से राज सिंघानिया तथा वार्ड नंबर तीन से दिव्या गुल्पा के साथ-साथ युवक मंडल बाशिंग, युवा विकास मंडल पारली बाशिंग तथा सेल्फ हेल्प ग्रुप के सदस्यों ने भी सफाई अभियान में सहयोग दिया।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान अजय ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, महिला समूहों एवं स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से टीम सहभागिता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम सहभागिता केवल स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा मुक्ति, जागरूकता, सामाजिक सरोकारों और समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रही है।
प्रधान अजय ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पंचायत, युवा वर्ग, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह सभी के सहयोग से पंचायत में स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।
Kullu, Kullu | Aug 23, 2026