तस्वीरों में देखिए पिरवां का नजारा - 100 फीट से गिर रहा दूधिया झरना, सेल्फी लेने में मशगूल सैलानी
जो तस्वीरें आप देख रहे हैं, वो किसी हिल स्टेशन की नहीं, बल्कि अपने बिहार के औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड के पिरवां पंचायत के चाल्हों पहाड़ की हैं।
बारिश के बाद यहां का जलप्रपात अपने पूरे शबाब पर है। 100 फीट ऊंचे पहाड़ से पानी सीढ़ी दर सीढ़ी नीचे गिर रहा है और इसी पानी के बीच बैठकर युवा मस्ती कर रहे हैं, जैसा कि आप तस्वीरों में देख सकते हैं। पहले यह इलाका नक्सल प्रभावित होने के कारण वीरान रहता था, आज यहां रोज मेले जैसा माहौल है। हर रोज सैकड़ों युवा झरने में स्नान कर रहे हैं, फोटो खिंचा रहे हैं।
मुखिया ने की विकसित करने की मांग
इस संबंध में ग्राम पंचायत पिरवां के मुखिया जनेश्वर यादव ने कहा कि "यह जलप्रपात बेहद खूबसूरत है। यह मदनपुर प्रखंड के लिए प्रकृति का दिया हुआ एक अनमोल गुलदस्ता है। अधिक बारिश के बाद यहां की खूबसूरती और बढ़ गई है और हजारों सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। मेरी जिला प्रशासन से मांग है कि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके।उन्होंने कहा कि यहां रास्ता, सीढ़ी और सुरक्षा की व्यवस्था नहीं होने से सैलानियों को परेशानी होती है। अगर सरकार ध्यान दे तो यह बिहार के बड़े पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।