बरेली में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने शास.सीनियर उत्कृष्ट बालक छात्रावास का किया निरीक्षण
छात्रावास के विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, छात्र का मनाया जन्मदिन
––––
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा ने बरेली में अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय सीनियर उत्कृष्ट बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर जायजा लिया और बच्चों से संवाद कर भोजन की गुणवत्ता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण होने, शैक्षणिक परिवेश, पढ़ाई तथा स्वच्छता आदि के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रूचि, समस्याओं एवं भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
छात्र गोलू अहिरवार का मनाया जन्मदिन
इस दौरान छात्रावास के छात्र गोलू अहिरवार का जन्मदिन होने पर कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर उसका जन्मदिन मनाया। कलेक्टर द्वारा छात्र गोलू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कलेक्टर के साथ जन्मदिन मनाकर छात्र गोलू सहित छात्रावास के अन्य विद्यार्थी भी काफी उत्साहित नजर आए। इसके पश्चात कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने छात्रावास के विद्यार्थियों के साथ भोजन भी किया। उन्होंने बच्चों के साथ सहज एवं आत्मीय वातावरण में बातचीत की और उनके अनुभव सुने। विद्यार्थियों ने भी कलेक्टर के साथ अपने विचार साझा किए तथा पढ़ाई एवं भविष्य को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। छात्रावास के विद्यार्थियों ने कलेक्टर के साथ बिताए इस आत्मीय पल को अपने लिए यादगार बताया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, एसडीएम श्री अंकित जैन तथा जिला अधिकारी भी साथ रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner
13 views | Raisen, Madhya Pradesh | Aug 14, 2026