साहो-किड़ी रूट पर HRTC बस की बदहाली से ग्रामीण परेशान, रोज बीच रास्ते में हो रही खराब
ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त चंबा से मिलकर सौंपा शिकायत पत्र, अच्छी हालत वाली बस चलाने की उठाई मांग
चंबा, 26 नवंबर 2026।
चंबा से साहो-किड़ी रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस की खस्ताहाल स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। बस के बार-बार खराब होने और कई बार निर्धारित समय पर रूट पर नहीं पहुंचने से परेशान ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को उपायुक्त चंबा से मुलाकात कर अपनी समस्या उठाई और शिकायत पत्र सौंपकर जल्द समाधान की गुहार लगाई।
प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में बताया कि इस समस्या को लेकर HRTC के क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) कार्यालय के ड्यूटी इंचार्ज को भी कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
बस सेवा की बदहाल स्थिति का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। बस के समय पर नहीं पहुंचने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है, वहीं मरीजों को भी जरूरी काम से चंबा पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त चंबा से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए HRTC प्रबंधन को इस रूट पर अच्छी स्थिति वाली नियमित बस चलाने अथवा नई बस उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की इस मांग पर जिला प्रशासन और HRTC प्रबंधन कब तक संज्ञान लेते हैं और साहो-किड़ी रूट के यात्रियों को रोजाना की इस परेशानी से कब राहत मिलती है।
Chamba, Chamba | Nov 26, 2026