इस भवन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है- राज्यमंत्री श्री पटेल
==
6 हजार वर्गफीट में बनेगा सार्वजनिक भवन, विवाह एवं सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगा स्थान
===
नरसिंहगढ़ में 50 लाख की लागत से निर्मित होने वाले शादी घर का हुआ भूमिपूजन
===
नरसिंहगढ़ में लगभग 6 हजार वर्गफीट क्षेत्र में सार्वजनिक उपयोग के लिए एक बड़े हॉल एवं कमरों का निर्माण किया जाएगा। इस भवन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है। ऐसे परिवार जो निजी शादी घर या गार्डन का खर्च वहन नहीं कर सकते, वे यहां अपने पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। इसके साथ ही भवन का उपयोग सामाजिक बैठकों, बड़े सामुदायिक कार्यक्रमों एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी किया जा सकेगा। इस आशय के विचार आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने ग्राम नरसिंहगढ़ में 50 लाख की लागत से निर्मित होने वाले शादी घर के भूमिपूजन के दौरान आमजन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि नरसिंहगढ़ एक बड़ा केंद्र होने के बावजूद यहां बड़े सामाजिक कार्यक्रमों एवं बैठकों के लिए पर्याप्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध नहीं था। प्रस्तावित भवन के निर्माण से इस कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होने ग्रामीणों से आने वाली पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विकास और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर सामूहिक रूप से विचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा हमें यह सोचना होगा कि वर्तमान पीढ़ी व आने वाली पीढ़ी के लिए क्या छोड़कर जा रहे है। गांव के सभी समझदार एवं जागरूक लोगों को साथ बैठकर भविष्य की आवश्यकताओं और विकास की दिशा पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने गांवों में सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण और निर्माण की समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कई स्थानों पर रास्तों के बीच चबूतरे अथवा अन्य निर्माण कर दिए जाते हैं, जिससे पहले जहां दो वाहन आसानी से निकल जाते थे, वहां अब एक वाहन के निकलने में भी परेशानी होती है। सार्वजनिक मार्गों को सुगम और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना आने वाली पीढ़ी के लिए आवश्यक है।
22 views | Damoh, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026