मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
==
अभियान के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है- राज्यमंत्री श्री पटेल
==
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना शासन की प्राथमिकता- कलेक्टर श्री यादव
===
33 ग्राम पंचायतों में अधिकारियों ने किया स्कूल, आंगनवाड़ी एवं शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण
==
बटियागढ़ शिविर में आधार अपडेशन, ई-केवाईसी, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सेवाओं का मिला लाभ
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया मोठा और फुटेरा कला का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
==
हितलाभो का हुआ वितरण
===
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महत्वाकांक्षी पहल जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आज 29 अगस्त को बटियागढ़ में शिविर आयोजित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा ऐसे पात्र नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है, जिन्हें पात्र होने के बावजूद किसी कारणवश योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा है।
प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने कहा कि अभियान के तहत शिविरों के माध्यम से योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया जा रहा है, साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उन्हें अधिक से अधिक योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 23 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक विकासखंड में औसतन लगभग तीन शिविर आयोजित कर आमजन तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा जन विश्वास अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मैदानी स्तर पर निरीक्षण भी कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शासन की संचालित योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे आम नागरिक तक पहुंच रहा है या नहीं। अभियान के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होने कहा बटियागढ़ शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की समरी तैयार की जाएगी। इसमें प्राप्त आवेदनों की संख्या, तत्काल निराकृत प्रकरणों तथा ऐसे प्रकरणों का पृथक विवरण तैयार किया जाएगा, जिनके निराकरण में कुछ समय लग सकता है। सभी आवेदनों की प्रगति एवं निराकरण की विस्तृत रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से बटियागढ़ जनपद पंचायत की 33 ग्राम पंचायतों को अभियान में सम्मिलित किया गया। जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की टीमों ने इन ग्राम पंचायतों में पहुंचकर स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र एवं शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि निरीक्षण के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त की गई कि शासन की योजनाओं का लाभ धरातल पर आमजन तक किस प्रकार पहुंच रहा है तथा कहां सुधार की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
शिविर में नागरिकों को मिली विभिन्न सेवाएं
बटियागढ़ में आयोजित शिविर में आधार कार्ड अपडेशन, ई-केवाईसी, स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी तथा मध्यप्रदेश विकास पोर्टल के अंतर्गत टोकन सहित विभिन्न सेवाओं के स्टॉल लगाए गए। आमजन ने शिविर में पहुंचकर इन सेवाओं का लाभ लिया।
कलेक्टर श्री यादव ने शिविर में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल कार्रवाई की गई। जिन प्रकरणों में समय अथवा स्थल निरीक्षण की आवश्यकता है, उनके समय-सीमा में निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
कलेक्टर श्री यादव ने कहा अभियान के दौरान कई स्थानों पर सड़कें खराब पाए जाने की जानकारी सामने आई। इस पर एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री सड़क एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि खराब सड़कों को तत्काल सुधार सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होने निर्देश दिए कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों को बेहतर स्थिति में लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही वर्तमान में तत्काल रिपेयरिंग कर आमजन को आवागमन में असुविधा न हो, इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
प्राथमिक शाला मोठा में बच्चो के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश
जिला कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने शनिवार को बटियागढ़ ब्लॉक के ग्राम मोठा एवं फुटेरा कला का औचक निरीक्षण कर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही और अनियमितता मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम मोठा में कलेक्टर ने प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। यहां बच्चे टाट-पट्टी पर बैठे मिले, जिस पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तत्काल स्कूल में आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पंचायत सचिव निलंबित
कलेक्टर के ग्राम पंचायत फुटेरा कला में अचानक पहुंचने पर ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि पंचायत सचिव श्री दामोदर नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित नहीं होते, जिसके कारण ग्रामीणों के आवश्यक कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
आंगनवाड़ी में मीनू के अनुसार भोजन नही मिलने पर
स्व-सहायता समूह हटाने के निर्देश
फुटेराकला में आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों को दिया जाने वाला भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को संबंधित स्व-सहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी के बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को केले वितरित किए।
सीएचओ का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश
उप-स्वास्थ्य केंद्र फुटेरा के निरीक्षण के दौरान सीएचओ संगीता लोधी निर्धारित समय पर केंद्र पर उपस्थित नहीं मिलीं। वहीं ओपीडी रजिस्टर में भी आवश्यक एंट्री नहीं पाई गई। कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएचओ संगीता लोधी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
हाईस्कूल के लिपिक का संलग्नीकरण समाप्त कर उपस्थिती के जांच के निर्देश
कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुटेरा में पहुंचकर लैब भवन का निरीक्षण किया और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सहायक ग्रेड-2 राजेंद्र सिंह राजपूत अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को श्री राजपूत का संलग्नीकरण समाप्त करने तथा विगत दिनो की उपस्थिती की जांच कराने के निर्देश दिए।
सड़क सुधार के निर्देश
कलेक्टर श्री यादव ने ग्राम फुटेराकला में नल जल योजना के तहत सड़क का सुधार नही होने की बात सामने आने पर सड़क सुधीर कराने के सख्त निर्देश दिए।
वाटर फिल्टर सुधार करायें
ग्रामीणों की मांग पर ग्राम फुटेरा का 25 लाख की लागत का वाटर फिल्टर तत्काल सुधार करवाने के निर्देश दिए। ग्राम में पहॅुचने पर इस संबंधी शिकायत की गई थी।
हितलाभ वितरण
बटियागढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत उद्यानिकी विभाग द्वारा योजना प्रधानमंत्री सूचना खाद्य उद्यम उन्नयन योजना अंतर्गत कृषक मनोहर पटेल ग्राम सकतपुर को दाल मिल यूनिट स्थापना हेतु लागत 2505850 रुपए अनुदान 877047 रुपए का प्रशस्ति पत्र एवं कृषक गोविंद यादव निवासी बटियागढ़ को डेयरी उद्योग स्थापना हेतु लागत 600100 रुपए एवं अनुदान 210035 रूपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंर्तगत अंगद सिंह लोधी को इलेक्ट्रिक दुकान स्थापित करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक, खड़ेरी शाखा द्वारा 02 लाख रुपये की ऋण राशि उपलब्ध कराई गई। इसी प्रकार योगेश जैन को हार्डवेयर दुकान के लिए एसबीआई बटियागढ़ शाखा द्वारा 10 लाख रुपये की राशि का हितलाभ प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान कार्यक्रम विकासखंड बटियागढ़ जिला दमोह में 08 किसानों को पॉवर स्प्रेयर पंप का वितरण, लाडली लक्ष्मी योजना तहत भी स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
#damoh #CMMadhyaPradesh #समृद्ध_मध्यप्रदेश #Damoh
25 views | Damoh, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026