एमएलसी चुनाव को लेकर डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों व स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण
हरदोई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक एवं लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बुधवार को मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र पंचायत कार्यालय माधौगंज और राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई स्थित मतदान केंद्रों का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, प्रवेश और निकास की व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संकेतक लगाए जाएं, ताकि मतदाताओं को अपने मतदेय स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई में बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। वहीं, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया।
Bilgram, Hardoi | Oct 21, 2026