#भरतपुर। बयाना उपखंड अंतर्गत खटनावली गांव में शनिवार को एक सूखे कुएं से भारी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाओं का जखीरा बरामद किया गया। कुएं के भीतर बाजरे की कड़ब के नीचे छिपाकर रखे गए 150 से अधिक कार्टन निकाले जा चुके हैं। बरामद खेप में सनोफी, डॉ. रेड्डीज और टोरेंट जैसी नामचीन कंपनियों के ब्रांड नाम से डायबिटीज, बीपी, एंटी-एलर्जिक, दर्द निवारक और मोटापा घटाने की दवाएं शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात धौलपुर नंबर के एक संदिग्ध ट्रक ने कुएं के पास आकर इस सामग्री को छिपाया था। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने एसडीआरएफ टीम के सहयोग से दवाओं को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। औषधि नियंत्रण अधिकारी सीमा मीणा ने बताया कि प्राथमिक जांच में कई दवाओं के बैच नंबर मूल कंपनियों के रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहे हैं। जब्त दवाएं फिलहाल सीएचसी झील का बाड़ा में सुरक्षित रखवाई गई हैं और इनके सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही पूरे फर्जीवाड़े की असलियत सामने आ सकेगी।