#भरतपुर। बयाना-भरतपुर मार्ग पर बिडयारी स्थित पहाड़पुर सीएनसी स्टोन आर्ट फाउंडेशन की यूनिट को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोर शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात ऑफिस के ताले तोड़कर भीतर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश कार्यालय में रखी करीब 35 हजार रुपये की नकदी के साथ कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, दो ग्राइंडर, इन्वर्टर-बैटरी और सीएनसी मशीनों के महंगे टूल्स समेटकर रफूचक्कर हो गए। शनिवार सुबह जब चौकीदार टीकम सिंह सैनी ड्यूटी पर पहुंचा तो ताले टूटे देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी संस्थान के डायरेक्टर दिनेश चंद्र अग्रवाल को दी, जिसके बाद कोतवाली थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना पर कोतवाली एसएचओ रामगिलास गुर्जर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वारदात की गंभीरता को देखते हुए भरतपुर से एफएसएल और एमओबी टीमों को बुलवाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस फिलहाल मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है।