#भरतपुर। बयाना के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने बैडमिंटन व कराटे स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाया। पूर्व विधायक बच्चूसिंह बंशीवाल के मुख्य आतिथ्य और संयोजक प्रधानाचार्य यादगणेश की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया। बैडमिंटन स्पर्धा के 19 वर्ष छात्र वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल अखैगढ़ तथा 17 वर्ष छात्र वर्ग में श्री गुरु हरिकिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरतपुर विजेता रहे। छात्रा वर्ग के 19 वर्ष में डीएवी पब्लिक स्कूल भरतपुर और 17 वर्ष में अग्रसेन पब्लिक स्कूल भरतपुर ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं कराटे स्पर्धा के 17 वर्ष आयु वर्ग में गोविंद (35 किग्रा), कृष्ण कुमार (40 किग्रा), पिंटू कुमार (45 किग्रा), आदित्य सिंह (54 किग्रा), मेघश्याम (62 किग्रा) और कृष्णा (74 किग्रा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 19 वर्ष आयु वर्ग में शिवम (45 किग्रा), खेमेश्वर प्रजापति (50 किग्रा), अल्फाज (54 किग्रा) तथा प्रिंस (62 किग्रा) अपने-अपने भार वर्ग में विजेता बने। समारोह में एसीबीईओ प्रवीण गुप्ता, वीरेंद्र बुढ़वार, दीवान शेरगढ़, रोनू उपाध्याय, अर्जुन दमदमा, सत्यप्रकाश गुर्जर और बलराम कांवर बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनमोहन तिवारी और धर्मेंद्र सिंह ने किया।