#भरतपुर। गढ़ीबाजना थाना इलाके में बेखौफ खनन माफिया ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। बंध बारैठा वन्यजीव अभयारण्य रेंज की टीम शुक्रवार शाम जब अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई कर कोड़ापुरा गांव से जब्त ट्रैक्टर को ले जा रही थी, तभी माफिया के गुर्गों ने हमला बोल दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावरों ने सरकारी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान दबंगों ने वनकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की और जब्त किया गया ट्रैक्टर छुड़ाकर रफूचक्कर हो गए। माफिया के इस दुस्साहसिक हमले में कोट नाका पर तैनात फॉरेस्टर भगवान सिंह के पैर में गंभीर चोट आई, जिन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।