चित्रकूट से राहत और सामाजिक सरोकार से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है।
मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ के बाद बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए लगातार राहत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कायस्थ समाज के अध्यक्ष मेजर राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में राहत टीम पहाड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत नहरा पहुंची।
यहां तीज त्योहार को देखते हुए करीब एक हजार महिलाओं को साड़ी और मिठाई वितरित की गई। वहीं किशोरियों, पुरुषों और बच्चों को भी जरूरत के अनुसार कपड़े, चद्दर, धोती-कुर्ता, पैंट-शर्ट, कंबल और मिठाई वितरित की गई।
रामपुर, नहरा और अगरहुण्डा सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में पहुंचे। ग्राम प्रधान मुन्नी देवी ने महिला कायस्थ समाज की सदस्यों के साथ राहत सामग्री वितरण में सहयोग किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रधानपति रामबरन यादव ने किया।
कायस्थ समाज के जिलाध्यक्ष मेजर राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उनका कहना है कि टीम लगातार प्रभावित गांवों में पहुंचकर लोगों की जरूरतों को समझ रही है और हर संभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके।
वहीं कायस्थ समाज के संरक्षक आनंद सागर खरे ने बताया कि मेजर राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में लगातार राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। तीज के त्योहार पर महिलाओं को साड़ी और मिठाई देने का विशेष प्रयास किया गया, साथ ही सभी आयु वर्ग के लोगों को कपड़े उपलब्ध कराए गए।
महिला अध्यक्ष सीमा निगम ने कहा कि राहत टीम के गांवों तक पहुंचने से बाढ़ प्रभावित परिवारों को काफी सहारा मिला है। ग्रामीणों ने संकट की घड़ी में मदद पहुंचाने के लिए कायस्थ समाज और राहत अभियान से जुड़े सभी लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान मानसिंह यादव सहित कायस्थ समाज के पदाधिकारी, महिला सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इनसेट—राहत सामग्री में क्या-क्या मिला?
कायस्थ समाज की ओर से करीब एक हजार महिलाओं को साड़ी और मिठाई, किशोरियों को कपड़े और मिठाई, पुरुषों को चद्दर, धोती-कुर्ता, पैंट-शर्ट और कंबल, जबकि बच्चों को कपड़े और मिठाई वितरित की गई।
बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों के बीच तीज के त्योहार पर पहुंची इस मदद ने राहत के साथ-साथ त्योहार की खुशियां भी बांटने का काम किया।
Karwi, Chitrakoot | Sep 13, 2026