चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की बाढ़ और लगातार बारिश से प्रभावित गांवों में राहत अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सेवा इंटरनेशनल और कोटक महिंद्रा बैंक की राहत टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंची और जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।
राहत टीम ने उत्तर प्रदेश के इटवा, डुडैला, डुडौली, छोटी पाटिन, बड़ी पाटिन और बरगहा समेत कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों का हाल जाना। वहीं मध्य प्रदेश क्षेत्र के पिंडरा कोलान, बरुआ कोलान, बरुआ डांडी कोलान, लोखरिया कोलान, खेर बेलहा कोलान और पिडारा सहित आसपास के प्रभावित गांवों में भी राहत सामग्री पहुंचाई गई।
खास बात यह रही कि जिन दूरदराज इलाकों तक अभी प्रशासनिक राहत पूरी तरह नहीं पहुंच पाई है, वहां सेवा इंटरनेशनल के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री और दैनिक जरूरत का सामान उपलब्ध कराया।
बाढ़ के चलते कई परिवारों के सामने भोजन और घरेलू जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे समय में राहत सामग्री मिलने से ग्रामीणों को काफी सहारा मिला।
राहत अभियान में जिला समन्वयक एवं समाजसेवी डॉ. संतोष मिश्रा, शंकर यादव, सेवा इंटरनेशनल के मनोज बेंजवाल, सूर्यकांत, विवेक पंत, मनवर रावत, ब्लॉक प्रमुख मानिकपुर अरविंद रलिहा समेत तमाम समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवक मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने संकट की घड़ी में मदद पहुंचाने के लिए सेवा इंटरनेशनल और कोटक महिंद्रा बैंक सहित राहत अभियान से जुड़े सभी लोगों का आभार जताया।
हालांकि बाढ़ पीड़ितों की मांग अभी भी यही है कि सिर्फ तत्काल राहत नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी आपदा से बचाव के लिए स्थायी जल निकासी, सुरक्षित आवास और ठोस बाढ़ नियंत्रण के इंतजाम किए जाएं।