🔴 सांसद पप्पू यादव की शिकायत पर दौरम मधेपुरा रेलवे स्टेशन के नए भवन की जांच, इंजीनियरों ने लिए सैंपल
मधेपुरा। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की शिकायत के बाद गुरुवार को दौरम मधेपुरा रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन की गुणवत्ता की जांच करने भारतीय रेलवे के चीफ इंजीनियर अनिल कुमार के नेतृत्व में इंजीनियरों की टीम पहुंची। टीम ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान कुछ स्थानों से टाइल्स, बालू, ईंट और प्लास्टर सहित अन्य निर्माण सामग्री के सैंपल भी एकत्र किए गए।
सांसद प्रतिनिधि शैलेंद्र कुमार ने इंजीनियरों की टीम को स्टेशन परिसर का भ्रमण कराया और निर्माण कार्य में कथित गड़बड़ियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। टीम ने संबंधित स्थानों का निरीक्षण किया और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल संग्रहित किए। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजने की बात कही गई।
निरीक्षण के बाद चीफ इंजीनियर अनिल कुमार ने बताया कि स्टेशन भवन के निर्माण कार्य का विस्तार से जायजा लिया गया है। अधिकांश कार्य संतोषजनक पाया गया है, लेकिन जिन स्थानों को लेकर शिकायत मिली है, वहां से सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कहीं भी गड़बड़ी पाई जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि दौरम मधेपुरा रेलवे स्टेशन के नए भवन के निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है या नहीं।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times