🔴 मधेपुरा में दो जगह भीषण अगलगी, करीब दो दर्जन घर जलकर राख; 45 से 50 लाख के नुकसान का अनुमान
मधेपुरा। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुई भीषण अगलगी की घटनाओं में करीब दो दर्जन घर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से नकदी, बाइक, जरूरी कागजात, कपड़े, अनाज, घरेलू सामान और पटसन समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। दोनों घटनाओं में कुल मिलाकर करीब 45 से 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पहली घटना मधेपुरा सदर प्रखंड के राजपुर मलिया पंचायत अंतर्गत सधुआ वार्ड संख्या-2 की है। यहां आग ने देखते ही देखते करीब एक दर्जन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घरों में रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना में नकदी, बाइक, कपड़े, अनाज और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। वहीं, करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का पटसन भी आग की भेंट चढ़ गया। ग्रामीणों और दमकल की गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू किया।
दूसरी घटना शंकरपुर प्रखंड की सोनवर्षा पंचायत स्थित डीएसपी टोला वार्ड नंबर-11 की है। यहां गैस सिलेंडर से लगी आग ने करीब 8 से 10 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान दो गैस सिलेंडर फटने से आग और भयावह हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में मो. अजीज, मो. रमजान, मो. इसराफिल, मो. रज्जाक, मो. जलील, मो. खलील, मो. शम्सुद्दीन, मो. इलियास, मो. हबीब और मो. यूसुफ समेत कई परिवार प्रभावित हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता फुरकान आलम ने इस घटना में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई है।
सोनवर्षा पंचायत में हुई अगलगी के बाद मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव ने शंकरपुर प्रखंड में सरकारी दमकल केंद्र स्थापित करने की मांग की। वहीं, दोनों घटनाओं से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री, राशन, तिरपाल और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल दोनों घटनाओं में हुए वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times