जिलाधिकारी ने 76वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
हरदोई। बिलग्राम स्थित बीजीआरएम इंटर कॉलेज में आयोजित 76वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में स्काउट-गाइड बैंड द्वारा जिलाधिकारी के भव्य स्वागत से हुई। इसके बाद जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया।
जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को खेल भावना, ईमानदारी और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान एथलेटिक्स प्रतियोगिता के थीम सॉन्ग का भी वादन किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण होता है। अपनी कमियों से सीख लेकर निरंतर सुधार का प्रयास करने से सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने प्रतिभागियों से शपथ का पूरी निष्ठा के साथ पालन करते हुए अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने आयोजन के लिए आयोजकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बालक-बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिलता है तथा उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद कुमार पाठक ने प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं आयोजन से संबंधित जानकारी उपस्थित लोगों को दी। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बिलग्राम नहने राम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।